Connect with us

चन्दौली

“स्वकर टैक्स प्रणाली से आत्मनिर्भर बनेगा नगर पंचायत” : गौरव श्रीवास्तव

Published

on

चंदौली। आदर्श नगर पंचायत चकिया में गृहकर, जलकर और जल मूल्य में बढ़ोतरी को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है। स्वकर टैक्स प्रणाली लागू होने से गरीब नगरवासियों को राहत मिलेगी, जबकि कम टैक्स देने वालों को अब उचित दर से टैक्स देना होगा। इससे नगर पंचायत आत्मनिर्भर बनेगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी।

नगर पंचायत सभागार में हुई बैठक में गौरव श्रीवास्तव और अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार चौधरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के गजट 2006 के अनुसार जलकर पहले से ही निर्धारित था। तत्कालीन प्रशासक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में इसे लागू करने का आदेश दिया था, लेकिन इसे पहले वसूला नहीं जा रहा था। अब टैक्स की वसूली से नगर पंचायत को सरकार से अधिक धनराशि प्राप्त हो रही है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है।

स्वकर प्रणाली के तहत टैक्स अब घरों के आकार और सड़क की चौड़ाई के आधार पर तय होगा। बड़े वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों पर टैक्स लगाया जाएगा, जबकि विद्यालयों को छोड़कर अन्य सरकारी संस्थानों पर भी कर लगेगा। गरीब परिवारों को राहत दी जाएगी, और जरूरत पड़ने पर नगर पंचायत टैक्स माफी का अधिकार भी रखेगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए सड़क पर गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। स्वकर प्रणाली 1 अप्रैल 2025 से लागू होगी, जिससे नगरवासियों को अपने टैक्स निर्धारण में भागीदारी का अधिकार मिलेगा। शासनादेश जून माह में जारी हो चुका है और आपत्तियां भी मांगी गई थीं। इसलिए, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए टैक्स का निर्धारण किया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa