Connect with us

मिर्ज़ापुर

सैफर इंटरनेट डे पर कार्यशाला संपन्न, लोगों को किया गया जागरूक

Published

on

Loading...
Loading...

मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार की अध्यक्षता में सैफर इंटरनेट डे कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि हर साल फरवरी के दूसरे मंगलवार को सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

कार्यशाला में बताया गया कि इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के लिए अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, ओटीपी या बैंक डिटेल्स किसी से साझा न करें और अनजान इंटरनेट कॉल से सतर्क रहें। साइबर क्राइम की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया जा सकता है।

आजकल ऑनलाइन स्कैम्स के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं, जिसमें साइबर अपराधी सरकारी विभागों जैसी नकली वेबसाइट बनाकर लोगों को गुमराह करते हैं। लोग गूगल पर सर्च करते समय इन फर्जी साइट्स को असली समझकर अपनी निजी जानकारी साझा कर देते हैं। ऐसे में किसी भी वेबसाइट पर क्लिक करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल कर लेना जरूरी है।

Advertisement

इंटरनेट यूजर्स को सलाह दी गई कि वे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के पासवर्ड नियमित रूप से बदलते रहें और हमेशा मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें, जिसमें नंबर, अक्षर और विशेष कैरेक्टर शामिल हों। जन्मदिन या शादी की तारीख जैसे अनुमान लगाने में आसान पासवर्ड से बचना चाहिए।

सोशल मीडिया पर किसी भी कंटेंट को साझा करने से पहले यह जरूर सोचें कि उसे कौन देख सकता है और इसका आप पर क्या प्रभाव पड़ेगा। अगर किसी को ऑनलाइन फ्रॉड का संदेह हो, तो उसे अपने दोस्तों या परिवार वालों के साथ साझा करना चाहिए, क्योंकि कई बार वे मददगार साबित हो सकते हैं।

Advertisement

इस कार्यशाला में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा, जिला विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बब्बन मौर्य, परियोजना निदेशक डीआरडीए, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी प्रभात कुमार, नितिन कुमार श्रीवास्तव, नेटवर्क इंजीनियर राजन यादव एवं विशाल गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजेंद्र शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page