पूर्वांचल
मिर्जापुर : दारोगा समेत सात पुलिस कर्मियों पर गिरी गाज, विभाग में हड़कंप
जनपद के पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कछवां थाना क्षेत्र में हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं करने, वसूली तथा अन्य गंभीर आरोपों की शिकायत मिलने पर एक दारोगा, चार मुख्य आरक्षी और दो आरक्षियों को निलंबित कर दिया। साथ ही इस मामले में विभागीय जांच का भी आदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक के इस एक्शन से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ने कछवां थाना क्षेत्र में हाल ही में जमीन संबंधी विवाद में हुई हवाई फायरिंग के मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर बीट दारोगा संजय कुमार तथा मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार पांडेय को निलंबित कर दिया।
इसके अलावा थानों में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा वसूली किए जाने तथा काम में लापरवाही बरते जाने की शिकायत मिलने पर शहर कोतवाली में तैनात मुख्य आरक्षी जियाउद्दीन, आरक्षी सुनील यादव, आरक्षी अनुराग यादव, पुलिस लाइन में तैनात मुख्य आरक्षी इंद्रजीत सिंह, पुलिस लाइन में तैनात मुख्य आरक्षी पीयूष कुमार मिश्र को भी निलंबित कर दिया है। पुलिस लाइन में तैनात मुख्य आरक्षी ड्यूटी करने में आनाकानी कर रहे थे। काम में लापरवाही बरतने पर उनको निलंबित किया गया। सभी के खिलाफ विभागीय जांच का भी आदेश दिया गया है।
आपको बता दें कि, इससे पहले पुलिस अधीक्षक ने पुलिस की छवि धूमिल करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी रखते हुए दो बार में विभिन्न थानों में तैनात 47 कारखास को लाइन हाजिर किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गलत कार्यों में शामिल पुलिस कर्मियों की सूची बनाने का काम जारी है।
