पूर्वांचल
अनंत काल तक करता रहूंगा चंदौली के लोगों की सेवा : डॉ महेंद्र नाथ पांडेय
जिन बड़े कार्यों का शिलान्यास कराया गया है, उनका भी लोकार्पण किया जाएगा : डॉ महेंद्रनाथ पांडेय
चंदौली। लोकसभा चुनाव 2024 में चंदौली लोकसभा संसदीय सीट से भाजपा के उम्मीदवार रहे डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय ने चुनावी हार के बाद बुधवार को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से मुखातिब हुए। चंदौली डाक बंगला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि, “लोकसभा के 4,52,911 मतदाताओं का हार्दिक आभार है, जिन्होंने मुझे अपना बहुमूल्य वोट दिया। चुनाव में क्या कुछ कमी रह गई ? पार्टी इसकी समीक्षा करेगी। कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि, “मैं अनंत काल तक चंदौली के लोगों की सेवा करता रहूंगा। विकास के जो भी काम शुरू हुए हैं वह तय समय के अंदर ही पूरे होंगे। जिन बड़े कार्यों का शिलान्यास कराया गया है, उनका लोकार्पण भी किया जाएगा। चंदौली जिले के लिए और भी कई बड़ी परियोजनाएं हैं, जिनकी स्वीकृति का प्रयास किया जाएगा।”
चुनावी हाथ पर मंथन करते हुए उन्होंने कहा कि, “चुनाव जरुर हारा हूं, लेकिन मन से नहीं हारा। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार कायम है। जिले के मंत्री व विधायकों के सहयोग से सभी काम पूरे कराए जाएंगे। पत्थरों पर भले ही मेरा नाम न दिखे, लेकिन जनता के दिलों में नाम हमेशा रहेगा।”
जिले में चिकित्सा क्षेत्र की बात करते हुए उन्होंने बताया कि, “मेडिकल कालेज में इसी सत्र से प्रवेश शुरु हो जाएगा। जिस दिन इसका उद्घाटन होगा, उसी दिन इसके नाम को लेकर राजनीति भी समाप्त हो जाएगी। चंदौली- मझवार स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का प्रयास जारी रहेगा। डाक बंगले को मिनी सर्किट हाउस बनवाने का भी प्रयास किया जाएगा।”
