पूर्वांचल
ट्रेलर में चालक का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गाजीपुर। बिरनो डाड़ी टोल प्लाजा के पास खड़ी ट्रैलर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस घटना की सूचना जैसे ही मृतक के परिजनों को मिली उनमें कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्गेश यादव पुत्र सूबेदार यादव निवासी विशेश्वरपुर छावनी लाइन गाजीपुर रहने वाला था। वह जे.एस. ट्रांसपोर्ट मिर्जापुर का ट्रेलर चलाता था। बीते शनिवार को घर के लोग मतदान करने के लिए उसको बार-बार फोन कर रहे थे। कुछ देर तक तो बात हुई लेकिन फिर दोपहर में मोबाइल बंद आने लगा। तब परिजनों ने शाम तक इंतजार किया और फिर खोजबीन में जुट गए।

मृतक के पिता सूबेदार यादव ने बताया कि, मेरे बेटे का 5 साल पहले शादी हुआ था और उसे 5 माह का एक पुत्र भी है। 1 जून को लोकसभा के सातवें और अंतिम चरण के मतदान के लिए मेरा बेटा वोटिंग करने के लिए आने वाला था। लेकिन वह नहीं आ सका। अगले दिन सुबह लगभग 8 बजे स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि जिस ट्रेलर को वह चलाता है वह ट्रेलर डाड़ी टोल प्लाजा के पास विपरीत दिशा में खड़ा है। मौके पर पहुंचकर देखा तो गाड़ी के अंदर मेरा बेटा मृत हालत में पड़ा हुआ है। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को देते हुए कार्यवाही की मांग करते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर के फर्श पर खून की परत जमी थी, वहीं मृतक के मुंह से खून बह रहा था।
इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिवारजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। स्थानीय ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में पुलिस प्रशासन के भी पसीने छूट गए। जाम की स्थिति पैदा होते देख जंगीपुर, मरदह, दुल्लहपुर सहित बिरनो पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगों को जैसे-तैसे समझा बूझकर जाम समाप्त कराया।
इस संबंध में बिरनो थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि, शव को कब्जे में ले लिया गया है मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है परिजनों के तहरीर के आधार पर जांच कार्यवाही की जाएगी ट्रेलर को थाने लाया गया है। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी, सीओ कासिमाबाद चोब सिंह सहित क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौजूद रही।
