पूर्वांचल
चंदौली में हुआ रिकॉर्ड तोड़ मतदान
चंदौली। लोकसभा के सातवें और अंतिम चरण का चुनाव शनिवार को संपन्न हो गया। इस दौरान यूपी के चंदौली जिले में रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ। लोगों ने लोकतंत्र के इस चुनावी महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 60.34 % मतदान दर्ज हुआ। इस दौरान भाजपा के सांसद महेंद्रनाथ पाण्डेय और सकलडीहा के विधायक सुशील सिंह ने भी मतदान किया।

जानकारी के अनुसार, मतदान शुरू होने के दौरान सुबह ही कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर अपने गांव के सकलडीहा इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 276 पर वोट देने के लिए पहुंच गए थे जहां पर मशीन खराब हो गई तो उन्हें पूरे परिवार के साथ बूथ पर इंतजार करना पड़ा। कुछ समय के बाद मशीन को दुरुस्त कर लिया गया और इसके बाद वोटिंग शुरू हुआ।

इसके साथ ही साथ सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 301, 303, 276, 185 सकलडीहा विधानसभा के 4 मशीनों की खराब होने की सूचना मिली थी जिसे आधे घंटे के अंदर दुरुस्त कर लिया गया।
चंदौली जिले में 1 हजार से अधिक बूथों पर पैरा मिलिट्री और जिला पुलिस के जवान सकुशल चुनाव संपन्न करने के लिए लगाए गए थे। पूरी सुरक्षा व्यवस्था को 21 जोन में बांटा गया था जिसके लिए 23 जोनल और 139 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। सकुशल चुनाव संपन्न होने के पश्चात मतदान कर्मियों ने चंदौली प्रशासन का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
