मुम्बई
कार्तिक आर्यन के मामा-मामी की मौत, 56 घंटे बाद मिली डेड बॉडी
मायानगरी मुंबई में गत दिनों आये तेज आंधी-तूफान के चलते मुंबईकर को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घाटकोपर इलाके में एक होर्डिंग गिरने से कई लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें कार्तिक आर्यन के रिलेटिव्स का नाम भी शामिल है। अब हादसे के 56 घंटे बाद कार्तिक आर्यन के मामा-मामी का शव बाहर निकाल लिया गया है।
कार्तिक आर्यन के मामा मनोज चंसोरिया, इंदौर एयरपोर्ट के पूर्व डायरेक्टर थे वो अपनी पत्नी अनीता संचोरिया के साथ मुंबई गए हुए थे। वह जबलपुर के सिविल लाइन्स में रहते थे।
परिजनों के मुताबिक, कार्तिक आर्यन के मामा मामी अपनी कार से मुंबई गए हुए थे। सोमवार को उन्हें वापस जबलपुर लौटना था। इसी दौरान मुंबई के एक पेट्रोल पंप में पेट्रोल डलवाने रुके थे। अचानक तूफान आ गया। यदि पेट्रोल लेने नहीं रुकते, तो शायद उनकी जान बच जाती। मनोज चंसोरिया और उनकी पत्नी अनीता चंसोरिया को रविवार के दिन बेटे यश के पास अमेरिका जाना था, जिसका वीजा बनवाने मुंबई गए थे, लेकिन जब यश की बात माता-पिता से नहीं हो पाई। तब उन्होंने परिजनों से पता चला कि उनके माता-पिता भी मुंबई होर्डिंग हादसे में फंस गए हैं। जानकारी मिलने के बाद उनका बेटा मुंबई आया।
जानकारी के मुताबिक, घटना स्थल पर पुलिस को बुधवार के दिन मलबे में 2 शव मिले थे। दो दिन तक शव मलबे में दबे रहने के कारण शव की पहचान नहीं हो पा रही थी। अंत में बेटे ने अंगूठी और जेवर से अपने माता-पिता की पहचान की। जिसके बाद गुरुवार के दिन मृत दंपति का मुंबई में ही अंतिम संस्कार किया गया।
13 मई की शाम मुंबई में भयानक आंधी-तूफ़ान की वजह से एक बिलबोर्ड पेट्रोल पंप के ऊपर गिर गया था। इस हादसे में करीब 75 लोग घायल हो गए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिन तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब 16 लोगों की मौत हो गई थी।