अपराध
ढ़ाबे पर खाना खाने के दौरान दो गुटों में विवाद, युवक को मारी गोली
सुल्तानपुर। ढ़ाबे पर खाना खाने के दौरान गोली चल गई। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज (जिला चिकित्सालय) में भर्ती कराया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया हैं। वहां ऑपरेशन के बाद गोली निकाली गई है। पुलिस ने पांच नामजद पर केस दर्ज किया है। घटना कादीपुर कोतवाली के राईबीगो की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कादीपुर कोतवाली के राईबीगो निवासी अविनाश सिंह क्षेत्र के काजल ढ़ाबे पर अपने दो साथियों के साथ खाना खाने गया हुआ था। बताया जा रहा है तभी वहां विवेक सिंह अपने चार साथियों के साथ पहुंचा। वो सब भी वहां खाना खाने लगे। आरोप है अविनाश जब काउंटर पर पैसे देने गया तब विवेक सिंह वहां पहुंचा और अविनाश को गालियां देने लगा। विवाद बढ़ा लेकिन बीच बचाव के बाद मामला थम गया। लेकिन बाद में कटसारी निवासी विवेक अपने साथ भगत सिंह, रोहित सिंह, उत्कर्ष सिंह, विपिन सिंह और आयुष सिंह को लेकर पहुंचा और इन सब ने अविनाश को फोनकर सुलह के लिए बुलाया और फिर अविनाश अपने मित्र लकी सिंह और विपिन उपाध्याय के साथ मौके पर पहुंचा।
आरोप है की मौके पर पहुंचते ही भगत सिंह आदि ने फायर झोंक दिया गोली अविनाश को लगी और वो गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित के साथियों ने पुलिस को सूचना दिया और सीधे अविनाश को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज आए। यहां से डॉक्टर ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया।
तो वहीं कादीपुर कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अविनाश के भाई द्वारा तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर जानलेवा हमले समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की सघनता से तलाश की जा रही है।
