Connect with us

वाराणसी

जिसकी शिकायत की उसके घर एसओ पहुंचे दावत में: वाराणसी के चोलापुर थाना प्रभारी पर आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

वीडियो हुआ वायरल

वाराणसी । पुलिस से जुड़ा एक अजीब मामला सामने आया है। एक महिला ने चोलापुर थाना प्रभारी पर आरोप लगाया है कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय वह उसके विपक्षियों के घर बाटी-चोखा की दावत में शामिल होने पहुंच गए। चोलापुर थानाध्यक्ष और उनके साथी पुलिस कर्मियों का बाटी-चोखा की दावत का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो संज्ञान में आने पर पुलिस अफसरों ने प्रकरण की जांच करा कर उचित कार्रवाई की बात कही है।

*21 नवंबर की शाम हुई थी मारपीट*
चोलापुर थाना के महदा गांव निवासी एक परिवार के अनुसार, बीती 21 नवंबर की शाम उनके घर में पड़ोसी लालजी यादव और सूर्यबली यादव सहित उनके परिवार के 8 लोग घुस कर मारपीट किए। इसके साथ ही घर की महिलाओं से बदसलूकी और अश्लील हरकत किए।

लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपियों ने धमकाया कि यदि कहीं शिकायत की तो जान से मार देंगे। पीड़ित परिवार के अनुसार, इसकी शिकायत लेकर वह लोग शाम 6 बजे के लगभग चोलापुर थाने पहुंचे। लगभग दो घंटे बाद उन्हें थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने कहा कि आप लोग अभी जाएं। प्रकरण की जांच कर कल कार्रवाई की जाएगी।

*वीडियो बनाने पर दौड़ा कर दी गाली*
पीड़ित परिवार के अनुसार, रात 9 बजे चोलापुर थानाध्यक्ष फोर्स के साथ उनके पड़ोसी के यहां पहुंचे। उन्होंने सोचा कि संभवत: पुलिस पड़ोसियों से पूछताछ के लिए आई होगी। इसके थोड़ी ही देर बाद उन्होंने देखा कि थानाध्यक्ष और पुलिस टीम उनके पड़ोसी के घर बाटी-चोखा की दावत में बैठे हैं।

Advertisement

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वह बाटी-चोखा की दावत का वीडियो बनाने लगे तो थानाध्यक्ष ने उनका मोबाइल लेने के लिए दौड़ा लिया और गालीगलौज किया। थोड़ी देर बाद एक्स्ट्रा पुलिस फोर्स मंगवाकर उनके घर को घेर लिया। साथ ही, वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाते हुए फर्जी मुकदमे में फंसाकर जीवन बर्बाद करने की धमकी दी।

*जांच करा कर कार्रवाई की जाएगी*
वरुणा जोन के एडीसीपी मनीष शांडिल्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। चोलापुर थाना प्रभारी के बाटी-चोखा खाने का वीडियो एक मंदिर का बताया जा रहा है। बहरहाल, वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में उचित कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page