गाजीपुर
राशन वितरण में घटतौली का आरोप, कार्डधारकों ने जांच की मांग
एक-दो किलो कम अनाज देने का आरोप, लाभार्थियों ने पारदर्शी वितरण की उठाई आवाज
नंदगंज (गाजीपुर)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र राशन कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, नंदगंज क्षेत्र की ग्राम सभा बरहपुर बाजार स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगा है। ग्रामीणों और कार्डधारकों ने कोटेदार पर प्रति यूनिट निर्धारित मात्रा से एक से दो किलो तक कम राशन देने का आरोप लगाते हुए विभागीय जांच की मांग की है।
लाभार्थियों का आरोप है कि वितरण रजिस्टर में निर्धारित मात्रा दर्ज कराकर उनसे हस्ताक्षर अथवा अंगूठा लगवा लिया जाता है, लेकिन मौके पर कम मात्रा में खाद्यान्न दिया जाता है। कुछ कार्डधारकों के अनुसार, मोबाइल पर गेहूं और चावल की निर्धारित मात्रा मिलने का संदेश आने के बावजूद वितरण के समय कम राशन दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत करने पर कोटेदार की ओर से कथित तौर पर बताया जाता है कि गोदाम से ही कम खाद्यान्न मिलने के कारण वितरण में कमी करनी पड़ रही है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ लाभार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि गेहूं और चावल दोनों मिलने का संदेश आने के बावजूद उन्हें केवल चावल दिया गया। पूछने पर कोटेदार की ओर से इस बार केवल चावल उपलब्ध होने की बात बताई गई।
ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दुकान के स्टॉक, वितरण रजिस्टर और लाभार्थियों को दिए गए खाद्यान्न की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आपूर्ति में कमी है तो विभाग इसकी स्पष्ट जानकारी लाभार्थियों को दे और वास्तविक मात्रा के अनुसार ही वितरण दर्ज किया जाए। साथ ही पात्र परिवारों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।
