आजमगढ़
कंधरापुर थाने में समाधान दिवस पर डीएम-एसएसपी ने सुनी फरियाद
शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने शनिवार को थाना कंधरापुर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में थाना क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने राजस्व और पुलिस से संबंधित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए मौके पर जाकर जांच की जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। साथ ही प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान थाना कंधरापुर के अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
