Connect with us

आजमगढ़

ऑटो चालकों ने 48 स्टैंड विकसित कराने को डीएम को सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

चालान और कथित पुलिस उत्पीड़न रोकने की मांग, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

आजमगढ़। ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा चालक समिति उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिले में आरटीओ द्वारा निर्धारित 48 ऑटो स्टैंड विकसित कराने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर चालक धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।

जिलाध्यक्ष कृपाशंकर पाठक ने कहा कि जिले में आरटीओ द्वारा 48 केंद्रों पर परमिट जारी किए जाते हैं। नगर पालिका, जिला पंचायत और प्रशासन से इन स्थानों पर स्टैंड विकसित कराने की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

संगठन मंत्री शाहिद अहमद ने आरोप लगाया कि स्टैंड की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ऑटो चालकों को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने चालान की कार्रवाई और पुलिसकर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार पर रोक लगाने की मांग की।

संगठन ने रेलवे स्टेशन, नरौली, बवाली मोड़, बेलईसा, मऊ रोड, सिधारी, करतारपुर, भंवरनाथ, हर्रा की चुंगी, बिलरिया की चुंगी, ब्रह्मस्थान, जीयनपुर, कप्तानगंज, बिलरियागंज, रानी की सराय, सठियांव और निजामाबाद समेत सभी 48 स्थानों पर स्टैंड विकसित कराने की मांग की।

Advertisement

पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान रामा गौड़, रियाज, राहुल, अजय गुप्ता समेत बड़ी संख्या में ऑटो चालक मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page