मिर्ज़ापुर
मंडलायुक्त ने घाटों और निर्माणाधीन हेलीपैड का किया निरीक्षण
गुणवत्ता के साथ समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश, घाटों पर सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
मीरजापुर। विंध्याचल क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के साथ गंगा किनारे निर्माणाधीन अखाड़ा घाट, पक्का घाट सहित अन्य घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए घाटों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। निर्माण के तहत सीढ़ियां, रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने वर्षा के दौरान जलभराव और फिसलन रोकने के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा घाटों पर पर्याप्त डस्टबिन रखने और सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने पटेंगरा नाला के पास निर्माणाधीन हेलीपैड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण की प्रगति, तकनीकी मानकों और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने हेलीपैड का निर्माण तय समय में पूरा कराने के साथ चारों ओर बाउंड्रीवाल और पहुंच मार्ग को मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विंध्य विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को हेलीपैड के आसपास नए निर्माण पर रोक रखने तथा मौजूदा भवनों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश भी दिए।
