जौनपुर
राज्य स्तरीय ताइक्वांडो में जौनपुर का दमदार प्रदर्शन
कई खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक, खेल प्रेमियों में खुशी
जौनपुर। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित न्यू इनडोर हॉल में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित राज्य स्तरीय ऑफिशियल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जौनपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 65 जिलों से करीब तीन हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
जौनपुर के एएस ताइक्वांडो क्लब, महाराणा प्रताप इनडोर हॉल और टीडीपीजी कॉलेज से प्रतिभाग करने पहुंचे खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया।
जूनियर वर्ग में रुचि प्रजापति ने अंडर-49 किग्रा और रिया यादव ने अंडर-55 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। बालक वर्ग में राजवीर सिंह ने अंडर-63 किग्रा में स्वर्ण, जबकि अंश मौर्या ने अंडर-55 किग्रा में कांस्य पदक हासिल किया।
सीनियर वर्ग में अनीश प्रसाद ने अंडर-74 किग्रा में स्वर्ण पदक जीता। सरोजनी सिंह ने अंडर-62 किग्रा में रजत पदक हासिल किया। वहीं सूर्यप्रताप सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
कैडेट वर्ग में रिद्धी गुप्ता ने अंडर-55 किग्रा में कांस्य पदक जीता। सब-जूनियर वर्ग में नित्याश्री सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा श्रेयश श्रीवास्तव और सिद्धी श्रीवास्तव ने स्वर्ण, दृशाना पाण्डेय ने रजत, समर्थ मिश्रा ने रजत तथा व्यान पटेल और सार्थ राय ने कांस्य पदक जीते।
मुख्य कोच आशुतोष सिंह एडवोकेट ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। जिला सचिव अरविन्द कुमार सिंह और उपाध्यक्ष शिवाली सिंह ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए निरंतर अभ्यास जारी रखने का आह्वान किया।
