आजमगढ़
ईशान पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता अभियान
विद्यार्थियों को डिजिटल ठगी से बचाव के बताए उपाय, साइबर हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रोहुआ मुस्तफाबाद स्थित ईशान पब्लिक स्कूल में बुधवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व गंभीरपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने किया। इस दौरान साइबर प्रभारी विपिन द्विवेदी एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी तरीके बताए।
ओटीपी और बैंक विवरण साझा न करने की सलाह
साइबर प्रभारी विपिन द्विवेदी ने विद्यार्थियों से कहा कि एटीएम कार्ड और यूपीआई का उपयोग करने वाले लोग समय-समय पर अपना पिन बदलते रहें। उन्होंने आगाह किया कि यदि कोई व्यक्ति बैंक अधिकारी बनकर फोन करे और ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी मांगे, तो किसी भी स्थिति में उसे साझा न करें।
अनजान लिंक और डिजिटल अरेस्ट से रहें सतर्क
उन्होंने बताया कि साइबर ठग विभिन्न तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से धनराशि निकाल लेते हैं। इसलिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक, संदेश या तथाकथित डिजिटल अरेस्ट जैसी बातों पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
ठगी होने पर तुरंत करें 1930 पर शिकायत
साइबर प्रभारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो वह बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर धनराशि सुरक्षित कराने का प्रयास किया जा सके।
विद्यार्थियों के सवालों के दिए जवाब
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका साइबर टीम ने विस्तार से उत्तर दिया। इस अवसर पर कांस्टेबल हैदर अली, महिला कांस्टेबल अमीषा पटेल और आकांक्षा सिंह भी उपस्थित रहीं।
