Connect with us

भदोही

भदोही में 80वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ की तैयारियां तेज

Published

on

Loading...
Loading...

9 से 15 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, तिरंगा रैली से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित

ज्ञानपुर (भदोही)। स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ को भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए भदोही प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल और अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें 9 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

सीडीओ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है। ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों में अमृत सरोवर व शहीद पार्क को कार्यक्रम स्थल के रूप में प्राथमिकता दी जाएगी। इनके अभाव में पंचायत भवन और विद्यालयों में कार्यक्रम होंगे।

अभियान के तहत तिरंगा महोत्सव, मेले, तिरंगा रैली, यात्रा, म्यूजिकल कार्यक्रम, तिरंगा कॉन्सर्ट, प्रदर्शनी, सेल्फी बूथ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों से व्यक्तिगत एवं सामूहिक सेल्फी लेकर अभियान की वेबसाइट पर अपलोड करने की अपील भी की गई।

शहीद परिवारों का होगा सम्मान

15 अगस्त को ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश की सेवा के दौरान शहीद हुए सैन्य और पुलिसकर्मियों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। स्कूलों से लेकर डिग्री कॉलेज और आईटीआई तक गोष्ठी, चित्रकला, वाद-विवाद, भाषण, रंगोली और तिरंगा रैली जैसे कार्यक्रम होंगे।

Advertisement

स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 8 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा सभी सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर भी ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह सात बजे स्टेडियम से देवनाथपुर तक पांच किलोमीटर क्रॉस-कंट्री रेस आयोजित होगी। विजेताओं को जिलाधिकारी पुरस्कार प्रदान करेंगे।

प्रशासन ने सरकारी भवनों को तिरंगा रोशनी से सजाने, कार्यालयों में पौधरोपण, कारागार में फल वितरण और नगर की सड़कों की पैचिंग कराने के निर्देश भी दिए। नगर निकायों को सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा मलिन बस्तियों में फल वितरण कराने को कहा गया। बैठक में सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page