जौनपुर
समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं फरियादें
भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, बरसठी थाने में आदर्श भोजनालय का उद्घाटन
बरसठी (जौनपुर)। थाना परिसर बरसठी में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को अधिकारियों ने एक-एक कर सुना। भूमि विवाद के मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनने के साथ राजस्व अभिलेखों की जांच करने को कहा गया। कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि अन्य मामलों में संयुक्त टीमों को स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए।
आदर्श भोजनालय का किया उद्घाटन
इस दौरान जिलाधिकारी ने थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए नवनिर्मित आदर्श भोजनालय कक्ष का उद्घाटन किया। एसएसपी ने इसे पुलिसकर्मियों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे थाने में तैनात कर्मचारियों को बेहतर भोजन सुविधा उपलब्ध होगी।
थाने की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
समाधान दिवस के बाद डीएम और एसएसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण किया। कार्यालयों, अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ क्षेत्र में अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि भूमि विवादों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। जिन मामलों का तत्काल निस्तारण नहीं हो सका है, उनमें पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गई हैं।
इस दौरान एसडीएम मड़ियाहूं नवीन कुमार, सीओ विजय चौधरी, प्रभारी निरीक्षक बरसठी जयप्रकाश यादव सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
