Connect with us

मिर्ज़ापुर

पुलिस सुधार और निष्पक्ष न्याय को लेकर भीम सेना ने सौंपा 15 सूत्रीय ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

पुलिसकर्मियों की सुविधाओं से लेकर अपराध नियंत्रण तक उठाई मांगें, सीसीटीवी और प्रभावी गश्त पर जोर

मीरजापुर। डॉ. भीमराव सामाजिक सेवा समिति ‘भीम सेना’ ने पुलिस सुधार, अपराध नियंत्रण और पीड़ितों को निष्पक्ष न्याय दिलाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर थाना जिगना के माध्यम से शासन और पुलिस प्रशासन को 15 सूत्रीय ज्ञापन भेजा। संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट भीमराव गौतम के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा अशोक कुमार गौतम ने ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पुलिसकर्मियों के लिए आठ घंटे की निर्धारित ड्यूटी, साप्ताहिक अवकाश, बेहतर चिकित्सा सुविधा, बीमा, आवास और पर्याप्त सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई। वहीं जिगना सहित पूरे प्रदेश में अवैध गांजा, शराब, अन्य नशीले पदार्थों और गौवंश की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा मुख्य तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई।

संगठन ने झूठे मुकदमों, अवैध हिरासत और राजनीतिक अथवा प्रभावशाली लोगों के दबाव पर रोक लगाने के साथ मामलों में निष्पक्ष एवं साक्ष्य आधारित कार्रवाई की मांग की। प्रमुख चौराहों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, बैंक-एटीएम और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी, पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा एससी-एसटी उत्पीड़न, साइबर अपराध तथा महिलाओं और बच्चियों से जुड़े मामलों में तत्काल प्राथमिकी, निष्पक्ष जांच और पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन में मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, गवाह, दस्तावेज और सीडीआर जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्यों को विवेचना में शामिल करने की भी मांग रखी गई।

Advertisement

भीम सेना ने कहा कि संगठन पुलिस प्रशासन पर अनुचित दबाव नहीं बनाएगा, बल्कि कानून के दायरे में रहकर पुलिस के साथ समन्वय करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने में सहयोग करेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गौतम समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page