मिर्ज़ापुर
पीडीए को न्याय के लिए सपा को मजबूत करना होगा: रामआसरे विश्वकर्मा
मीरजापुर में विश्वकर्मा पीडीए जन चौपाल में भाजपा सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील
मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर पिछड़ों, दलितों और विश्वकर्मा समाज की उपेक्षा एवं उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि पीडीए वर्ग को न्याय और अधिकार तभी मिलेगा, जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर सपा को मजबूत करने की अपील की।
मीरजापुर विधानसभा स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक एवं विश्वकर्मा पीडीए जन चौपाल को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा शासन में गरीब, पिछड़े और दलित वर्ग महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और कथित अत्याचार से प्रभावित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पीड़ित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है।
रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा समाज को अपने अधिकार और सम्मान के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आरक्षण, रोजगार और सम्मान पीडीए वर्ग के अधिकार हैं। उन्होंने भाजपा पर इन अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी को मजबूत करना जरूरी है।
विश्वकर्मा समाज को राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा उठाया
पूर्व मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों में विश्वकर्मा समाज को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिया गया और समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास हुआ। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर अवकाश समाप्त करने का आरोप लगाया और इसे समाज के सम्मान से जोड़कर देखा।
उन्होंने विश्वकर्मा समाज के नाम पर अलग-अलग राजनीतिक दलों और संगठनों के गठन का जिक्र करते हुए समाज से वोटों के बंटवारे से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को अपने हितों को ध्यान में रखते हुए एकजुट होकर निर्णय लेना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव आदर्श यादव ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक जगदंबा सिंह पटेल, शिवशंकर यादव, अशोक यादव, सुरेंद्र सिंह पटेल, आशीष राय, पूर्व मंत्री मुन्नीलाल यादव, पूर्व प्रत्याशी मझवां लल्लू शुक्ला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमाशंकर कोल, सत्य प्रकाश यादव, राणा प्रताप सिंह, शैलेश पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
