Bhadohi
साइकिल रैली के जरिए जनगणना-2027 के प्रति किया जागरूक, ज्ञानपुर में गूंजे जागरूकता के नारे
भदोही साइकिलिंग क्लब की पहल, सीडीओ ने 30 नवंबर तक स्व-गणना पूरी करने की नागरिकों से की अपील
ज्ञानपुर (भदोही)। जनगणना-2027 में जनभागीदारी बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सोमवार को भदोही साइकिलिंग क्लब की ओर से जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई। साइकिल मैन भदोही अताउल मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और पर्यावरण प्रेमियों ने हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मुख्य चौराहे से शुरू हुई साइकिल यात्रा ज्ञानपुर, थानीपुर और सिंहपुर होते हुए वीएनजीआईसी खेल मैदान पहुंची। यहां मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, अधिशासी अधिकारी ज्ञानपुर दया शंकर वर्मा और साइकिल मैन अताउल मुस्तफा अंसारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने जनपदवासियों से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक जनगणना वेब पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वीएनजीआईसी खेल मैदान से आगे बढ़ी साइकिल रैली पुलिस लाइन, प्रोफेसर कॉलोनी, कुँवरगंज, पुरानी बाजार, जिला अस्पताल, दुर्गागंज त्रिमुहानी, नथईपुर रोड, गोयल गली और राजा बाजार सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मुखर्जी पार्क ज्ञानपुर पहुंचकर संपन्न हुई।
पूरी यात्रा के दौरान साइकिल सवारों ने जनगणना, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस दौरान ‘हमारी गणना हमारा सम्मान, विकसित भारत का बने प्रमाण’, ‘जन-जन की भागीदारी, विकसित भारत की तैयारी’ और ‘आइए मिलकर कदम बढ़ाएं, जनगणना को सफल बनाएं’ जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ प्रतिभागियों ने स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया।
रैली के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान, जनगणना-2027, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अभियान में प्रवीण श्रीवास्तव, प्रमोद मौर्या, सरफराज अहमद, संदीप बिंद, जिगर गुप्ता, रितिक कनौजिया, रूहान खान, आदर्श बिंद, आदित्य बिंद, आनंद बिंद, अबू हुरैरा अंसारी, अनित बिंद, नीरज बिंद, प्रिंस बिंद, मोहम्मद इमरान, उज्ज्वल गुप्ता, राजेंद्र बिंद, अभी कनौजिया, अभिनव बिंद और नैतिक कनौजिया सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।
