Connect with us

भदोही

₹15 हजार के इनामी शातिर चोर को ज्ञानपुर पुलिस ने दबोचा

Published

on

Loading...
Loading...

चोरी के पीली-सफेद धातु के आभूषण और ₹930 नकद बरामद, दो चोरी के मामलों का खुलासा

ज्ञानपुर, भदोही, 21 सितंबर। ज्ञानपुर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए ₹15 हजार के इनामी आरोपी अर्पित अग्रहरि को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के पीली और सफेद धातु के आभूषण सहित ₹930 नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ ज्ञानपुर थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार काशीराम आवास, कंसापुर निवासी रेशमा उर्फ आपा के घर हुई चोरी के मामले में मु0अ0सं0 201/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था। इसके अलावा होली के दिन भिदिउरा निवासी अनिल कुमार गुप्ता के घर हुई चोरी के मामले में मु0अ0सं0 51/2026 धारा 305(ए)/331/317(2)/317(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई थी। इन मामलों में पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।

पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में 21 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक राम सरीख गौतम की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर अर्पित अग्रहरि पुत्र सुरेश उर्फ बबलू अग्रहरि निवासी काशीराम आवास ब्लॉक नंबर-62, ज्ञानपुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके बंद मकान से पीली धातु के तीन कील, छोटी नथिया, दो सेट झाला, टीका, एक जोड़ा सहारा मय चेन, मंगलसूत्र और झूमर बरामद किया। इसके अलावा सफेद धातु की दो अंगूठियां, सिकड़ी और एक जोड़ा पाजेब तथा ₹930 नकद बरामद किए गए।

Advertisement

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि काशीराम आवास से चोरी किए गए आभूषण उसने अपने घर में छिपाकर रखे थे। वहीं भिदिउरा की घटना में चोरी का सामान बेचकर मिले अधिकांश रुपये खर्च कर दिए थे और ₹930 शेष बचे थे।

आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस के अनुसार इनाम घोषित होने के बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राम सरीख गौतम, उपनिरीक्षक हरिकेश सिंह, हेड कांस्टेबल अजय सिंह यादव, हेड कांस्टेबल मुलायम यादव, कांस्टेबल राहुल पटेल और कांस्टेबल मकरंद सिंह शामिल रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page