मिर्ज़ापुर
वेतन वृद्धि को लेकर मनरेगा तकनीकी सहायकों ने सौंपा ज्ञापन
मानदेय बढ़ाकर जूनियर इंजीनियर के समान करने की मांग, 28 सितंबर को लखनऊ में प्रदर्शन की चेतावनी
राजगढ़। मनरेगा तकनीकी सहायक एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे राजगढ़ विकासखंड मुख्यालय पर मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीडीओ वीरेंद्र प्रताप वर्मा को सौंपा। तकनीकी सहायकों ने वर्तमान मानदेय को महंगाई के अनुपात में अपर्याप्त बताते हुए वृद्धि की मांग की।
ब्लॉक अध्यक्ष शशिभूषण ने कहा कि मनरेगा तकनीकी सहायक करीब 20 वर्षों से मनरेगा योजना में सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद पिछले पांच वर्षों से मानदेय में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि तकनीकी सहायकों को ग्राम पंचायतों में परियोजनाओं के निरीक्षण, माप और पर्यवेक्षण सहित विभिन्न कार्यों के लिए लगातार क्षेत्र में जाना पड़ता है। आने-जाने में ही प्रतिमाह करीब छह हजार रुपये तक खर्च हो जाते हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में 11 हजार रुपये मानदेय मिलने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से तकनीकी सहायकों का मानदेय जूनियर इंजीनियर के समान करीब 45 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर 28 सितंबर 2026 को लखनऊ के ईको गार्डन में प्रदर्शन किया जाएगा।
बीडीओ वीरेंद्र प्रताप वर्मा ने कहा कि ज्ञापन मुख्यमंत्री तक भेजा जाएगा और तकनीकी सहायकों के मानदेय में वृद्धि कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस दौरान राजगढ़ ब्लॉक के सभी मनरेगा तकनीकी सहायक मौजूद रहे
