Connect with us

गोरखपुर

मौर्य एक्सप्रेस पर पथराव, महिला यात्री घायल

Published

on

Loading...
Loading...

नशे में पत्थर फेंकने वाले पांच युवक गिरफ्तार, कुसम्ही अंडरपास के पास हुई घटना

गोरखपुर। गोरखपुर से देवरिया की ओर जा रही मौर्य एक्सप्रेस पर पथराव कर महिला यात्री को घायल करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना कुसम्ही स्टेशन के पास अंडरपास की बताई जा रही है।

बताया गया कि ट्रेन कुसम्ही स्टेशन की ओर बढ़ रही थी, तभी अंडरपास के पास खड़े युवकों ने अचानक ट्रेन की बोगियों पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव में ट्रेन में सवार एक महिला यात्री घायल हो गई। घटना के बाद ट्रेन के गार्ड ने तत्काल आरपीएफ को सूचना दी।

सूचना मिलते ही आरपीएफ गोरखपुर छावनी के प्रभारी निरीक्षक टीम और अपराध आसूचना शाखा के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन आरपीएफ कर्मियों ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे नशे की हालत में थे और उसी दौरान ट्रेन पर पत्थर फेंके। गिरफ्तार युवकों में तीन गोरखपुर और दो कुशीनगर के निवासी बताए गए हैं। सभी की उम्र करीब 18 से 22 वर्ष के बीच है।

Advertisement

आरपीएफ ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद पांचों आरोपियों को देवरिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले की एफआईआर केस डायरी में शामिल कर ली गई है। देवरिया आरपीएफ और स्थानीय जीआरपी द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page