Connect with us

गाजीपुर

संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विभागों की जिम्मेदारी तय

Published

on

Loading...
Loading...

तहसील टास्क फोर्स की बैठक में साफ-सफाई, फॉगिंग और जागरूकता अभियान पर जोर

मुहम्मदाबाद, गाजीपुर। तहसील सभागार में सोमवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान तथा संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर तहसील टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। तहसीलदार महेंद्र बहादुर की देखरेख में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के कार्य और दायित्व निर्धारित किए गए।

स्वास्थ्य विभाग को अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है। विभाग को रोगों की निगरानी, मरीजों की जांच, उपचार, नि:शुल्क परिवहन और वेक्टर नियंत्रण गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई। नगर विकास विभाग शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग, नालियों की सफाई, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और जागरूकता अभियान चलाएगा।

पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग ग्राम प्रधानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जल निकासी, एंटी लार्वा छिड़काव और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने का कार्य करेगा। पशुपालन विभाग को पशु बाड़ों की स्वच्छता, सूकर पालन स्थलों पर वेक्टर नियंत्रण और पशुपालकों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई।

बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण देकर कुपोषित बच्चों की पहचान और पोषाहार उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा। शिक्षा विभाग विद्यालयों में छात्रों और अभिभावकों को सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने, शौचालय के प्रयोग और बुखार के प्रति जागरूक करेगा।

Advertisement

बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित निगरानी पर जोर दिया गया। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष राय, डॉ. तारीक, खंड शिक्षा अधिकारी बीरबल राम, बीपीएम संजीव कुमार, उपेंद्र और बाल विकास परियोजना सुपरवाइजर शगुफा परवीन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page