गाजीपुर
अजीत चौबे होंगे गाजीपुर के नवनियुक्त जिला प्रभारी
गाजीपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा शनिवार को घोषित जिला प्रभारियों की सूची में गाजीपुर से जुड़े तीन प्रमुख संगठनात्मक नियुक्तियां की गई हैं। काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष एवं गाजीपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह को मिर्जापुर का जिला प्रभारी बनाया गया है। भानु प्रताप सिंह करीब नौ वर्षों तक भाजपा जिलाध्यक्ष रहे हैं और संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।
वहीं, गाजीपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को अमेठी का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। सुनील सिंह लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और उन्हें संगठन के कार्यों का अनुभव है।
गाजीपुर के नवनियुक्त जिला प्रभारी अजीत चौबे इससे पहले सोनभद्र के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। जिला महामंत्री समेत संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके अजीत चौबे को संगठनात्मक कार्यों का व्यापक अनुभव है।
इससे पहले मिर्जापुर की जिला प्रभारी गाजीपुर की सरोज कुशवाहा थीं, जो वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं। नई नियुक्तियों के बाद गाजीपुर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय समेत पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिला प्रभारियों को शुभकामनाएं दीं।
