भदोही
सेवा संकल्प अभियान में 57 जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने किया रक्तदान
भदोही। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चेतसिंह चिकित्सालय ज्ञानपुर में रक्तदान शिविर और फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में करीब 57 जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने रक्तदान किया।
जनप्रतिनिधियों ने किया रक्तदान
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार और मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। विधायक दीनानाथ भास्कर, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, डीएम शैलेष कुमार, डॉ. अजय शुक्ला और सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।
युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
रक्तदान शिविर में युवाओं की विशेष सहभागिता रही। रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व की जानकारी देते हुए स्वस्थ और पात्र लोगों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि जरूरत के समय रक्तदान दुर्घटना, प्रसव और गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
मरीजों में बांटे फल
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और फल वितरित किए। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी भी ली गई।
सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ना चाहिए। उन्होंने रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं का आभार जताया।
एक माह तक होंगे कार्यक्रम
प्रशासन के अनुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आगामी एक माह तक सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
