जौनपुर
पति की तेरहवीं के अगले दिन पत्नी ने भी तोड़ा दम
खुटहन (जौनपुर)। बीरी समसुद्दीनपुर गांव में पति की मौत के सदमे से अस्वस्थ चल रहीं पत्नी ने तेरहवीं भोज के अगले दिन शुक्रवार को दम तोड़ दिया। एक के बाद एक हुई दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर है।
चार सितंबर को हुई थी पति की मौत
गांव निवासी पुरुषोत्तम उपाध्याय का चार सितंबर को हृदयाघात से निधन हो गया था। गुरुवार को उनका तेरहवीं भोज संपन्न हुआ। परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अगले ही दिन उनकी 80 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी की भी मौत हो गई।
सदमे से चल रही थीं अस्वस्थ
बताया गया कि पति की मौत के बाद से सरस्वती देवी की तबीयत खराब चल रही थी। तेरहवीं कार्यक्रम के अगले दिन उनकी मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पूर्व प्रधान व पत्रकार के थे माता-पिता
पुरुषोत्तम उपाध्याय और सरस्वती देवी अपने इकलौते पुत्र, पूर्व प्रधान एवं पत्रकार श्रवण उपाध्याय के माता-पिता थे। लगातार दो मौतों से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुतौली घाट पर अंतिम संस्कार
सरस्वती देवी का अंतिम संस्कार सुतौली घाट पर किया गया। अंतिम यात्रा में गांव के लोग और रिश्तेदार शामिल हुए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
