गाजीपुर
जमानियां में विकास कार्यों को लेकर सियासी जंग
सुनिता सिंह के सवाल पर ओमप्रकाश सिंह ने गिनाए विकास कार्य
सेवराई। जमानियां में विकास कार्यों को लेकर पूर्व विधायक भाजपा सुनिता सिंह और पूर्व कैबिनेट मंत्री, सांसद एवं वर्तमान विधायक ओमप्रकाश सिंह के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सुनिता सिंह ने ओमप्रकाश सिंह से क्षेत्र में कराए गए दो विकास कार्यों का नाम बताने को लेकर सवाल उठाया था।
जय देश न्यूज ने विधायक से किया सीधा संवाद
इस मामले में जय देश न्यूज सेवराई तहसील अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ओमप्रकाश सिंह के आवास पहुंचे और विकास कार्यों को लेकर सीधे संवाद किया। ओमप्रकाश सिंह ने बेबाकी से कई विकास कार्य गिनाए।
तहसील से पावर हाउस तक गिनाए काम
ओमप्रकाश सिंह ने सेवराई तहसील बनवाने, टीबी रोड के निर्माण, करहियां में 220/132 केवीए पावर हाउस, गोहदा, चितरकोनी, भदौरा, रायसेनपुर सायर, मां कामाख्या धाम, देहूडी और देवल में पावर हाउस बनवाने का दावा किया।
घाट और सड़क निर्माण भी बताया
उन्होंने गंगा कटान रोकने के लिए गहमर से बारा तक बोल्डर लगवाने, गहमर और बारा में पक्के घाट बनवाने तथा दिलदारनगर-देवल और दिलदारनगर-देवयिथा मार्ग को चौड़ा कराने की बात कही।
सुनिता सिंह पर किया पलटवार
ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि जमानियां में इतने विकास कार्य कराए गए हैं कि समाचार पत्र में जगह कम पड़ जाएगी। वहीं, मृत्युंजय सिंह ने बेबाक जवाब देने के लिए ओमप्रकाश सिंह का धन्यवाद ज्ञापित किया।
