गोरखपुर
जटेपुर उत्तरी में नगर आयुक्त का निरीक्षण
सफाई, कूड़ा कलेक्शन, सड़क-नाला निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था का लिया जायजा
गोरखपुर। नगर निगम के वार्ड नंबर 27 जटेपुर उत्तरी में नगर आयुक्त ने सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सड़क व नाला निर्माण समेत जलकल विभाग के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।
कल्याण मंडपम तक बनेगा लिंक रोड
नगर आयुक्त ने वार्ड में प्रस्तावित कल्याण मंडपम के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हुमायूंपुर-हड़हड़वा फाटक रोड से कल्याण मंडपम तक लिंक रोड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही लिंक रोड के किनारे स्थित धोबी घाट के पुनर्निर्माण की आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी कराने को कहा।
गोकुल अपार्टमेंट से रेलवे लाइन तक बनेगा नाला
निरीक्षण के दौरान गोकुल अपार्टमेंट की बाउंड्रीवाल से रेलवे लाइन तक प्रस्तावित नाला निर्माण की जानकारी ली गई। नगर आयुक्त ने नाले का निर्माण जल्द शुरू कराकर समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलनिकासी व्यवस्था बेहतर करने वाले कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
गलियों में निर्माणाधीन नालों का निरीक्षण
नगर आयुक्त ने सीवरेज और जलनिकासी योजना के तहत विभिन्न गलियों में चल रहे नाला निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को जलनिकासी की समस्या से राहत मिल सके।
सफाई और कूड़ा कलेक्शन पर विशेष जोर
वार्ड में सफाई व्यवस्था और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की स्थिति भी देखी गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित सफाई और घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
