मिर्ज़ापुर
कुशवाहा-मौर्य समाज के जनसंवाद सम्मेलन में सामाजिक न्याय और पीडीए पर जोर
बाबू सिंह कुशवाहा बोले- सामाजिक न्याय की लड़ाई के लिए पीडीए की एकजुटता जरूरी
मिर्जापुर, 9 सितंबर। कुशवाहा-मौर्य समाज का जनसंवाद सम्मेलन कान्हा मैरिज, भरूहना में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के जौनपुर सांसद एवं लोकसभा उपनेता बाबू सिंह कुशवाहा ने शहीद बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
भाजपा पर लगाया सामाजिक न्याय विरोधी होने का आरोप
बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई बहुत पुरानी है। उन्होंने भाजपा पर सामाजिक न्याय विरोधी और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष पर झूठे आरोप लगाकर उसे बदनाम करती है। बाबा साहब के संविधान और कानून की रक्षा के लिए पीडीए सरकार बनाना जरूरी है।
पीडीए को बताया भाजपा का विकल्प
उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ पीडीए ही विकल्प है। पीडीए की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है और तरह-तरह के षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों और कमजोरों के साथ अन्याय कर रही है। उसका एजेंडा नफरत फैलाना है। उन्होंने कहा कि सच्चा सनातनी कभी दूसरे से नफरत और अन्याय नहीं करता।
पीडीए आंदोलन मजबूत करने का लिया संकल्प
बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि सम्मेलन में सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। सभी ने पीडीए समाज को जोड़ने और पीडीए आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर पीडीए सरकार बनाने और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए काम करेंगे, जिससे सभी को हक और सम्मान मिल सके।
जातीय जनगणना की उठी मांग
समाजवादी पार्टी के सोनभद्र सांसद छोटेलाल खरवार ने जातीय जनगणना कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछड़ा समाज आबादी में अधिक है, लेकिन उसकी संख्या कम बताई जाती है। इसलिए जातीय जनगणना कराकर वास्तविक संख्या सामने लानी चाहिए और आबादी के हिसाब से हक व सम्मान मिलना चाहिए।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
सम्मेलन की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जगदंबा सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, शिव शंकर यादव, रामजी मौर्य, रोहित शुक्ला, सुरेंद्र पटेल, सूरज मौर्य, कौशिक कुमार कनौजिया, राजनारायण निराला, राजेश भारती, जवाहर लाल मौर्य, सुभाष पटेल, रविंद्र बहादुर सिंह, राकेश यादव, विजय सिंह, राम मिलन यादव, झल्लू यादव, संतवीर मौर्य, गिरधारी पटेल, अशोक सिंह मुन्ना, साधु मौर्य, संजय मौर्य सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के आयोजक एवं संयोजक प्रदेश सचिव दामोदर प्रसाद रहे, जबकि संचालन जिला महासचिव आदर्श यादव ने किया।
