Connect with us

भदोही

जिलाधिकारी ने एमबीएस अस्पताल का किया आकस्मिक निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

इमरजेंसी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी और एक्स-रे कक्ष की व्यवस्थाएं परखीं

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मंगलवार को महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र, महिला एवं पुरुष वार्ड, पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे कक्ष समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, जांच सुविधाओं, उपकरणों और साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी ली। उपलब्ध उपकरणों की कार्यशीलता भी परखी गई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

इस दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती और उपचाराधीन मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मरीजों से उपचार, जांच और दवाओं की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की परेशानी के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें आवश्यक दवाएं अस्पताल से मिल रही हैं और उपचार में किसी प्रकार की समस्या नहीं है।

100 बेड के अस्पताल की भी ली जानकारी

जिलाधिकारी ने एमसीएच विंग में 100 बेड के अस्पताल के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि 100 बेड का यह अस्पताल पीपीपी मॉडल पर संचालित किया जाना प्रस्तावित है। सीओडी प्रमाण-पत्र प्राप्त होते ही अस्पताल के संचालन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके शुरू होने से जनपदवासियों को बेहतर और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। एक ही छत के नीचे विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से मरीजों को सुविधा मिलेगी।

Advertisement

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समय से गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक दवाएं और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सभी उपकरणों को क्रियाशील और दुरुस्त रखने के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अनिल कुमार सिंह और संबंधित चिकित्सक मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page