गाजीपुर
किसानों के लिए तोरिया बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू
जिला कृषि अधिकारी ने विकासखंड के राजकीय बीज भंडार से संपर्क कर रबी फसलों के बीज लेने की अपील की
गाजीपुर। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने किसानों को बताया कि तोरिया बीज प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बीज बुकिंग की जा रही है। वर्तमान में पोर्टल खुला हुआ है। किसान अपने विकासखंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर रबी फसलों के बीजों की बुकिंग करा सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इस समय तोरिया की बुवाई का उपयुक्त समय चल रहा है। खेत जुताई योग्य होने पर किसान जुताई कर तोरिया की तत्काल बुवाई कर लें। उन्होंने बताया कि तोरिया की फसल करीब 90 से 95 दिन में पककर तैयार हो जाती है। कैश क्रॉप के रूप में इसकी खेती से किसानों को अच्छा मुनाफा मिल सकता है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि चना, मटर और मसूर के निःशुल्क बीज मिनीकिट तथा 50 प्रतिशत अनुदान पर वितरण के लिए सामान्य बिक्री की बुकिंग भी चल रही है। इन फसलों की खेती के इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है, ताकि रबी फसलों की समय से बुवाई कर बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके। किसानों को बीज बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए अपने विकासखंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
