भदोही
BSA बनकर 40-50 लाख की साइबर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
फर्जी आधार और ज्वाइनिंग लेटर दिखाकर अभ्यर्थियों से करता था ठगी, 40 से अधिक शिकायतें सामने आईं
भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना ज्ञानपुर पुलिस और साइबर क्राइम टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने BSA अधिकारी बनकर नियुक्ति, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और अंक बढ़ाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ 40 से अधिक NCRP शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें करीब 40 से 50 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम सिंह यादव उर्फ अमित यादव उर्फ राजा पुत्र शिवगरुण यादव, निवासी बंदीपट्टी यरगढ़, थाना सरायममरेज, कमिश्नरेट प्रयागराज, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। उसे मुखबिर की सूचना पर दुर्गागंज तिराहा गोपीगंज मोड़ से गिरफ्तार किया गया।
तीन मामलों में ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी ने भदोही जनपद में तीन अलग-अलग स्थानों पर ठगी की। थाना दुर्गागंज के मु0अ0सं0 100/2026 में बारकोड के माध्यम से 40 हजार रुपये ट्रांसफर कराकर नगद लेने का आरोप है। थाना ऊंज के मु0अ0सं0 105/2026 में सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर QR कोड के जरिए 5 हजार और 20 हजार रुपये की ठगी की गई। वहीं थाना ज्ञानपुर के मु0अ0सं0 235/2026 में आरोपी ने स्वयं को BSA मनोज कुमार सिंह बताकर फर्जी आधार कार्ड दिखाया और गाड़ी खराब होने का बहाना बनाकर दुकान के स्कैनर से 36,800 रुपये ठग लिए।
इन मामलों में धारा 318(4) BNS और 66D IT Act सहित संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
टेलीग्राम से जुटाता था अभ्यर्थियों का डेटा
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से पीडीएफ में उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त करता था। इस सूची में नाम, मोबाइल नंबर, रोल नंबर और अंक जैसी जानकारी रहती थी। इसके बाद वह नया सिम लेकर व्हाट्सएप और ई-मेल आईडी बनाता था तथा खुद को BSA कार्यालय का अधिकारी बताकर अभ्यर्थियों से संपर्क करता था।
आरोप है कि वह फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देने और अंक बढ़ाने का झांसा देकर रुपये मांगता था। CSC और जनसेवा केंद्रों पर जाकर फर्जी आईडी दिखाकर QR कोड से भुगतान कराता और बाद में रकम नगद ले लेता था।
फर्जी आधार कार्ड बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मनोज कुमार सिंह के नाम और इटहरा हंडिया, प्रयागराज के पते वाला एक फर्जी आधार कार्ड बरामद किया है। पुलिस के अनुसार भदोही में तीन तथा आजमगढ़, अमरोहा और प्रयागराज में तीन सहित कुल छह अभियोग आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं। मामले में पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों और ठगी के नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तारी टीम में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ज्ञानपुर रामसरीख गौतम, कांस्टेबल अनुराग, राहुल सिंह पटेल, रोहित यादव और अर्जुन तथा साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय प्रसाद गुप्ता, हेड कांस्टेबल देवानन्द और साइबर एक्सपर्ट कन्हैया कुमार शामिल रहे।
