गोरखपुर
गाली देने से मना किया तो युवती को दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
हरपुर-बुदहट। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटाई टिकर मठिया निवासी युवती ने एक युवक पर गाली-गलौज करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता साधना पुत्री स्वर्गीय श्याम लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे एक अजनबी व्यक्ति उसके घर आया। उसने अपना नाम विपिन यादव पुत्र मनीराम यादव निवासी ग्राम धुसवा, थाना मुंडेरवा, जिला बस्ती बताया। आरोप है कि युवक ने पीड़िता से उसका नाम पूछने के बाद भद्दी-भद्दी गालियां देना शुरू कर दिया।
साधना के मुताबिक, जब उसने युवक से गाली देने का कारण पूछा और ऐसा करने से मना किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर हरपुर-बुदहट पुलिस ने विपिन यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
