Connect with us

गाजीपुर

गंगा का जलस्तर बढ़ने से बलुआ घाट का श्मशान घाट डूबा, प्रशासन अलर्ट

Published

on

Loading...
Loading...

जमानिया के 25 गांव अतिसंवेदनशील चिह्नित, 13 बाढ़ चौकियां और 7 राहत केंद्र स्थापित

जमानिया, गाजीपुर। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से जमानिया क्षेत्र के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। जलस्तर बढ़ने के कारण नगर के बलुआ घाट स्थित प्रमुख श्मशान घाट पूरी तरह गंगा के पानी में डूब गया है। इससे अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर श्मशान घाट सहित आसपास के प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

उपजिलाधिकारी निधि के अनुसार, संभावित बाढ़ को देखते हुए जमानिया क्षेत्र के 25 गांवों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में चिह्नित किया गया है। इनमें 22 गांव गंगा नदी और तीन गांव कर्मनाशा नदी के प्रभाव क्षेत्र में हैं।

बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने 13 बाढ़ चौकियां, 7 बाढ़ राहत केंद्र और 7 बाढ़ शरणालय स्थापित किए हैं। आपात स्थिति के लिए 61 नावें, 61 नाविक और 16 गोताखोरों की तैनाती की गई है।

Advertisement

एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहने तथा प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि गंगा के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page