गाजीपुर
महादेव मंदिर में गूंजे भोले बाबा और राधा-कृष्ण के मधुर भजन
हरिकीर्तन में श्रद्धालु भक्ति रस में हुए सराबोर, देर रात तक गूंजते रहे जयकारे
नंदगंज, गाजीपुर। सावन माह के पावन अवसर पर नंदगंज बाजार स्थित रेलवे स्टेशन तिराहे के पास महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार की रात हरिकीर्तन का आयोजन धूमधाम से किया गया। मिष्ठान व्यवसायी सुभाष मद्धेशिया के पुत्र काली मद्धेशिया के संयोजकत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
समीपवर्ती गांव सिहोरी से साज-सज्जा के साथ पहुंची कीर्तन पार्टी ने भोले बाबा के साथ भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। काली मद्धेशिया भी कीर्तन पार्टी के साथ अपनी सहभागिता करते रहे।
भजनों की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भावविभोर होकर तालियां बजाते और जयकारे लगाते रहे। देर रात तक चले हरिकीर्तन में भक्तों ने भक्ति संगीत का आनंद लिया और मंदिर परिसर पूरी तरह धार्मिक वातावरण में रंगा रहा।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
