गाजीपुर
सड़क मरम्मत के नाम पर लीपापोती का आरोप, पहली बारिश में दलदल बनी राजेंद्र नगर की गलियां
जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों में मिट्टी भराई का आरोप, पक्के पुनर्निर्माण और जांच की मांग
सैदपुर, गाजीपुर। आदर्श नगर पंचायत सैदपुर के वार्ड नंबर 8 राजेंद्र नगर में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि पक्की सड़क को मानकों के अनुरूप कंक्रीट या डामर से पुनर्निर्मित करने के बजाय खोदे गए हिस्सों में केवल मिट्टी भरकर छोड़ दिया गया। पहली ही बारिश में सड़क कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मिट्टी धंसने से पैदल राहगीरों और बाइक सवारों के गिरने का खतरा बना हुआ है, जबकि चार पहिया वाहनों के पहिए भी कई स्थानों पर मिट्टी में धंस रहे हैं। दलदल जैसी स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
मोहल्लेवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद नियमानुसार सड़क का पक्का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। उनका कहना है कि बारिश का पानी पड़ते ही कच्ची मिट्टी धंस रही है और जगह-जगह रास्ता खतरनाक बन गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जिस जलापूर्ति योजना के लिए सड़क खोदी गई, उससे संबंधित पानी की टंकी का निर्माण कार्य भी अभी तक शुरू नहीं हो सका है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
मोहल्लेवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित कार्यदायी संस्था से तत्काल सड़क का मानक के अनुसार पक्का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
