Connect with us

मिर्ज़ापुर

दो महीने से क्लस्टर पर नहीं पहुंच रहे रजौहां के ग्राम सचिव, ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

हर शुक्रवार पंचायत भवन में होना है क्लस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत कई जरूरी कार्य हो रहे प्रभावित

मीरजापुर/पटेहरा। विकासखंड पटेहरा के ग्राम पंचायत रजौहां में ग्राम सचिव की कथित लापरवाही और अनियमितता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन में निर्धारित क्लस्टर दिवस पर ग्राम सचिव पिछले करीब दो महीने से लगातार नहीं पहुंच रहे हैं। इससे ग्रामीणों के कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें अपने काम के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार रजौहां ग्राम पंचायत भवन में प्रत्येक शुक्रवार को क्लस्टर आयोजित किया जाना निर्धारित है, जहां ग्राम सचिव की मौजूदगी आवश्यक है। आरोप है कि निर्धारित दिन पर सचिव के अनुपस्थित रहने से जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, कुटुंब रजिस्टर की नकल, फार्मर रजिस्ट्री और विभिन्न अभिलेखों के सत्यापन समेत कई कार्य लंबित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जब वे अपने जरूरी काम के लिए ग्राम सचिव को फोन करते हैं तो उन्हें कभी दीप नगर बाजार तो कभी किसी अन्य स्थान पर बुलाया जाता है। आरोप है कि गरीब ग्रामीण किराया खर्च कर बताए गए स्थान पर पहुंचते हैं, लेकिन कई बार वहां भी ग्राम सचिव नहीं मिलते। ऐसे में लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब दो महीने से क्लस्टर के निर्धारित दिवस पर स्थिति की लगातार पड़ताल की गई। इस दौरान ग्राम सचिव की अनुपस्थिति मिलने का दावा किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इसकी तस्वीरें भी जीपीएस लोकेशन के साथ ली गई हैं।

Advertisement

मामले को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जांच कराने की मांग की है। साथ ही प्रत्येक शुक्रवार को निर्धारित क्लस्टर दिवस पर ग्राम सचिव की उपस्थिति सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों का जल्द निस्तारण कराने की मांग की है।

इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत, पटेहरा धर्मेंद्र दूबे ने बताया कि क्लस्टर पर ग्राम सचिव की उपस्थिति अनिवार्य है। मामले में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page