गाजीपुर
सिधौना बाजार में बेतरतीब पार्किंग से हादसे का खतरा
एनएच-31 और सर्विस लेन किनारे खड़े हो रहे वाहन, जाम के साथ दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ी
सिधौना। वाराणसी-गोरखपुर एनएच-31 पर स्थित सिधौना बाजार में बेतरतीब वाहन पार्किंग राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बाजार में चाय-पानी, नाश्ता और पान-गुटखा आदि के लिए रुकने वाले यात्री अपने वाहन सर्विस लेन के साथ-साथ मुख्य हाईवे के किनारे भी खड़े कर देते हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बाजार में कई जगह वाहनों की कतार सड़क के किनारे तक लगी दिखाई देती है। सर्विस लेन में भी कारों और दोपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण आवागमन की जगह कम हो जाती है। वहीं, एनएच-31 पर खड़े वाहन तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के लिए अचानक अवरोध बन जाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
शाम होते ही बढ़ जाती है समस्या
सिधौना बाजार में यात्रियों की आवाजाही अधिक होने के कारण शाम के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क किनारे वाहन खड़े होने के साथ ही दुकानों के सामने लोगों की भीड़ जुटती है, जिससे यातायात का दबाव बढ़ जाता है और जाम जैसी स्थिति बन जाती है।
पुलिस चौकी पास, फिर भी नहीं लग रहा अंकुश
खास बात यह है कि सर्विस लेन से करीब 200 मीटर की दूरी पर सिधौना पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद मुख्य मार्ग और सर्विस लेन पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि एनएच-31 और सर्विस लेन पर अवैध एवं बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए। साथ ही यात्रियों के वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था कराई जाए, ताकि बाजार में जाम की समस्या के साथ दुर्घटनाओं के खतरे को भी कम किया जा सके।
हादसे से पहले सुधरेगी व्यवस्था?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन हादसे के बाद कार्रवाई करेगा या उससे पहले ही सिधौना बाजार की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
