गाजीपुर
उपेक्षा का शिकार सिधौना रामपुर हॉल्ट, यात्री सुविधाएं बदहाल
कोरोना काल से बंद तीन अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं, टिकट खिड़की और प्रकाश व्यवस्था भी ठप
सिधौना (गाजीपुर)। वाराणसी-गाजीपुर रेलखंड पर राजवाड़ी और औड़िहार के बीच स्थित सिधौना रामपुर हॉल्ट इन दिनों यात्री सुविधाओं की बदहाली से जूझ रहा है। कोरोना काल से बंद तीन अतिरिक्त यात्री ट्रेनों का संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है। वहीं टिकट खिड़की, प्रकाश व्यवस्था और हॉल्ट तक पहुंचने वाले मार्ग की खराब स्थिति ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले यहां पर्याप्त ट्रेनों का ठहराव होता था, लेकिन तीन अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के बंद होने के बाद क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। इस हॉल्ट से गाजीपुर, मऊ, बलिया, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई शहरों के लिए विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और ग्रामीण प्रतिदिन यात्रा करते हैं।

कई महीनों से बंद है टिकट खिड़की
हॉल्ट की टिकट खिड़की कई महीनों से बंद बताई जा रही है और टिकट का टेंडर भी नहीं हुआ है। यात्रियों का कहना है कि टिकट सुविधा न होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। कुछ यात्रियों का दावा है कि वे बंद टिकट खिड़की की फोटो अपने पास रखते हैं, ताकि टिकट जांच के दौरान अपनी स्थिति स्पष्ट कर सकें।
कीचड़ भरा रास्ता और अंधेरे में यात्रा
हाईवे छोर से हॉल्ट तक पहुंचने वाला करीब 50 मीटर मार्ग कच्चा है। बरसात में यहां कीचड़ और जलभराव से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी होती है। रास्ते के मुहाने पर ठेले लगने से आवागमन बाधित होने की शिकायत भी यात्रियों ने की है।
रात में हॉल्ट की प्रकाश व्यवस्था ठप होने से ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को अंधेरे में रास्ता तय करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पेड़ की डालियां बिजली के तार से संपर्क में आने के बाद तार काट दिया गया था, लेकिन इसके बाद विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं की गई।
यात्रियों ने उठाई सुविधाएं बहाल करने की मांग
स्थानीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से कोरोना काल से बंद तीन अतिरिक्त यात्री ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू करने, टिकट खिड़की खुलवाने, रात में प्रकाश व्यवस्था बहाल करने और हॉल्ट तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है।
यात्रियों का कहना है कि समस्याओं को लेकर कई बार आवाज उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों ने सिधौना रामपुर हॉल्ट पर जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
