गाजीपुर
श्रमजीवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से बीए छात्रा की मौत
जमानिया, गाजीपुर। जमानिया रेलवे स्टेशन के समीप रविवार को अप लाइन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से बीए की छात्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
घटनास्थल पर मिले छात्रा के बैग की तलाशी के दौरान मोबाइल फोन और कॉलेज का परिचय पत्र बरामद हुआ। परिचय पत्र के आधार पर मृतका की पहचान नेहा कुमारी पाल, पुत्री हरिवंश पाल के रूप में हुई। वह हिन्दू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानिया में बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा थी।
आरपीएफ ने बैग से मिले मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
