Connect with us

गाजीपुर

तिरंगे से सजे ऑटो-टोटो का निकला अनोखा जुलूस, देशभक्ति गीतों से गूंजा नंदगंज

Published

on

Loading...
Loading...

नंदगंज, गाजीपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नंदगंज क्षेत्र में देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। क्षेत्र के सैकड़ों ऑटो और टोटो चालकों ने अपने वाहनों पर तिरंगा झंडा लगाकर और देशभक्ति गीत बजाते हुए करीब एक किलोमीटर लंबा जुलूस निकाला। तिरंगे से सजे ऑटो-टोटो का यह जुलूस लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

जुलूस नंदगंज बाजार से होते हुए रेलवे स्टेशन, शादियाबाद रोड और फोरलेन हाईवे तक पहुंचा। तिरंगे से सजे वाहनों और देशभक्ति गीतों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। बाजार और रेलवे स्टेशन के आसपास से जुलूस गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनी। सड़क किनारे खड़े लोग ऑटो-टोटो चालकों के उत्साह और देशप्रेम को देखते रहे।

स्थानीय लोगों के अनुसार नंदगंज क्षेत्र में पहली बार ऑटो-टोटो चालकों ने स्वतंत्रता दिवस पर इस तरह का जुलूस निकालकर देशभक्ति का प्रदर्शन किया। इसके बाद क्षेत्र के नवयुवकों ने भी तिरंगा लगी बाइक और स्कॉर्पियो के अलग-अलग जुलूस निकाले। युवाओं के जुलूस से भी क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

जुलूस के दौरान कई चौराहों और तिराहों पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति जल्द सामान्य हो गई। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे और यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।

पुलिस की सजगता के चलते स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page