गाजीपुर
रानीपुर में राजेश यादव पर जानलेवा हमले की कोशिश, क्षेत्र में दहशत
स्कूल के पास बाइक रोककर बदमाशों ने किया हमला, शोर मचाने पर फरार हुए आरोपी
बहरियाबाद (गाजीपुर)। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के बीरभान (रानीपुर) गांव स्थित किसान पब्लिक स्कूल के पास मंगलवार रात राजेश यादव पर कथित जानलेवा हमले की कोशिश से क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया गया कि राजेश यादव की पानी टंकी तिराहे के पास पान की दुकान है। रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर वह बाइक से अपने घर रानीपुर जा रहे थे। आरोप है कि किसान पब्लिक स्कूल के पास दो-तीन अज्ञात हमलावरों ने पहले से अपनी बाइक सड़क पर खड़ी कर रखी थी और आसपास छिपे हुए थे। जैसे ही राजेश ने बाइक धीमी की, हमलावरों ने उन्हें धक्का देकर मोटरसाइकिल गिरा दी और मारपीट करने का प्रयास किया।
राजेश के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे। इसके बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के पास तमंचा भी था और उनके पास अपाचे बाइक होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि रात के समय स्कूल के आसपास कुछ मनबढ़ लोगों का जमावड़ा रहता है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा घटना की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
