गाजीपुर
प्रदेश की ताइक्वांडो टीम में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के दो खिलाड़ियों का चयन
यश प्रजापति और आर्यन राजभर पुणे में होने वाली कैडेट नेशनल प्रतियोगिता में करेंगे यूपी का प्रतिनिधित्व
सैदपुर (गाजीपुर)। आगामी 16 अगस्त से पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कैडेट (अंडर-14) ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए घोषित उत्तर प्रदेश की 10 सदस्यीय बालक टीम में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी, गैबिपुर के दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। औड़िहार के निकट चकियां नेवादा गांव निवासी योगेश प्रजापति के पुत्र यश प्रजापति का चयन 37 किग्रा भार वर्ग में, जबकि पकवाइनार निवासी राजेश राजभर के पुत्र आर्यन राजभर का चयन 49 किग्रा भार वर्ग में हुआ है।
एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि दोनों खिलाड़ी कई वर्षों से ताइक्वांडो का प्रशिक्षण ले रहे हैं। यश प्रजापति इससे पूर्व सब-जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वहीं आर्यन राजभर पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रदेश की टीम में चयनित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ी शुक्रवार सुबह दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से पुणे के लिए रवाना होंगे।
गाजीपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अब्दुल मलिक खान ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर गाजीपुर का नाम रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यश और आर्यन पुणे में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे।
इस अवसर पर सहायक ताइक्वांडो प्रशिक्षक विशाल कुमार, बॉक्सिंग कोच जयहिंद यादव, बिपूज कुशवाहा, क्रीड़ा भारती गाजीपुर के उपाध्यक्ष डॉ. सचिन सिंह, सहमंत्री जयशंकर यादव, शुभम मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
