गोरखपुर
धान के खेत में 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी
संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस
गोलाबाजार। उरुवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समदपुर के राजस्व गांव जगदीशपुर में गुरुवार को धान के खेत में 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों ने खेत में शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची उरुवा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रथम दृष्टया व्यक्ति की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इंस्पेक्टर उरुवा श्यामदेव चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
