गोरखपुर
ऑनलाइन गेम के लिए रची अपहरण की कहानी
एआई से बनाई अपहरण की तस्वीरें भेजकर पिता से मांगे एक लाख रुपये, पुलिस ने दो घंटे में बालक को किया बरामद
गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र में बालक के कथित अपहरण और एक लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि बालक ने ऑनलाइन गेम में पैसे लगाने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी रची थी। उसने एआई की मदद से कथित अपहरण की तस्वीरें तैयार कर अपने पिता के मोबाइल पर भेजीं और एक लाख रुपये की मांग की।
मोबाइल से भेजी तस्वीरें, मांगी फिरौती
पुलिस के अनुसार, सिकरीगंज क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसका भांजा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा। इसी बीच बालक के मोबाइल से उसके पिता के मोबाइल पर कुछ तस्वीरें भेजकर एक लाख रुपये की मांग की गई। अपहरण और फिरौती की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
सीडीआर और सीसीटीवी से खुला राज
एसपी दक्षिणी के मार्गदर्शन और सीओ खजनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष आशीष कुमार दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बालक के मोबाइल की सीडीआर खंगाली और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
गेम में पैसे लगाने के लिए रची साजिश
पूछताछ में बालक ने बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है और गेम में पैसे लगाने के लिए उसे रुपयों की जरूरत थी। इसी के चलते उसने अपने अपहरण की कहानी बनाई। एआई की मदद से तस्वीरें तैयार कराईं, उन्हें पिता के मोबाइल पर भेजा और एक लाख रुपये की फिरौती मांगी।
बालक के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली।
