आजमगढ़
अनवरगंज से भंवरनाथ तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा
हजारों लोगों ने थामा तिरंगा, देशभक्ति के नारों से गूंजा पूरा माहौल
आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के सदर विधानसभा क्षेत्र के हाफिजपुर मंडल में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में यात्रा अनवरगंज से शुरू होकर भंवरनाथ तक पहुंची।
यात्रा के शुभारंभ से पूर्व शहीद स्थल पर स्वर्गीय महेंद्र कुमार उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा शुरू की। हजारों लोगों की भागीदारी के बीच देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
भीषण गर्मी के बावजूद कार्यकर्ताओं और युवाओं का उत्साह देखते ही बना। यात्रा के दौरान लोगों ने राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमित तिवारी, कोऑपरेटिव बैंक के उपसभापति बृजेश प्रकाश सिंह, सठियांव चीनी मिल के उपसभापति यशवंत सिंह, यात्रा प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह, आलोक उपाध्याय, बादल उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष प्रमोद चौहान, महामंत्री राकेश राय, समाजसेवी भीम सिंह, विजय लक्ष्मी मिश्रा, महिला मोर्चा की जिला मंत्री डॉ. अलका सिंह, पूनम मौर्या, अवधेश शर्मा, आशीष पांडेय ‘पल्लू’ और संजय दीक्षित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अमित तिवारी ने सभी का आभार जताया। वहीं यशवंत सिंह ने तिरंगा यात्रा का समापन किया।
