गाजीपुर
एमएस नेशनल इंटर कॉलेज की एनसीसी इकाई ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजा गांव, युवाओं में दिखा देशभक्ति का जोश
गांव। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एमएस नेशनल इंटर कॉलेज की एनसीसी इकाई की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्च किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। यात्रा के दौरान अमर स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।
यात्रा में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सेराज अहमद, एनसीसी अधिकारी शकील अहमद (एएनओ) समेत शिक्षकगण ने कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया और उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
यात्रा के समापन पर विद्यालय परिसर में अमर शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली।
