गाजीपुर
बहरियाबाद में द फ्यूचर डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन
डिजिटल युग में शिक्षा और ज्ञान के प्रसार की बनेगी मजबूत कड़ी, छात्रों को मिलेगी बेहतर अध्ययन सुविधा
बहरियाबाद (गाजीपुर)। बहरियाबाद पावर हाउस स्थित द फ्यूचर डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। लाइब्रेरी का उद्घाटन प्रबंध निदेशक अब्दुल वाजिद अंसारी ने किया। इस दौरान उन्होंने डिजिटल शिक्षा के बढ़ते महत्व और विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन संसाधनों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे अध्ययन संसाधन
अब्दुल वाजिद अंसारी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में डिजिटल लाइब्रेरी केवल सूचना प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा और ज्ञान के प्रसार की महत्वपूर्ण कड़ी बन चुकी है। इंटरनेट और स्मार्ट डिवाइस के बढ़ते उपयोग ने पढ़ाई और शोध के तरीकों में बड़ा बदलाव किया है।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक पुस्तकालयों में समय और स्थान की सीमाएं होती हैं, जबकि डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से एक क्लिक पर बड़ी संख्या में पुस्तकें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकती हैं। इससे शिक्षा अधिक सुलभ और समावेशी बन रही है।
स्थानीय विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता था। अब द फ्यूचर डिजिटल लाइब्रेरी शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने की सुविधा मिल सकेगी।

सैकड़ों लोग रहे मौजूद
लाइब्रेरी के प्रोपराइटर राजा अंसारी ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों और लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रहमान इदरीसी उर्फ बेचू, क्षेत्र पंचायत सदस्य आराजी कस्बा स्वाद, समाजवादी पार्टी जखनियां विधानसभा सचिव, हर्ष पांडेय, मुन्ना यादव, शमीम अंसारी, हामिद सिद्दीकी, उदित राज, मोहम्मद उमर, नियाज अंसारी, विनोद कुमार बाजपेयी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
