गाजीपुर
स्वतंत्रता सेनानियों के नाम का शिलापट्ट टूटा, आठ साल से नहीं हुई मरम्मत
42 सेनानियों के नाम दर्ज थे, अधिकांश मिटे; अधिकारियों को कई बार दी गई सूचना, अब एसडीएम ने कार्रवाई का दिया भरोसा
सादात (गाजीपुर)। उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में लगाया गया शिलापट्ट वर्षों से टूटा पड़ा है। शिलापट्ट कई टुकड़ों में बंटकर जमीन पर पड़ा हुआ है और उस पर अंकित अधिकांश स्वतंत्रता सेनानियों के नाम भी घिसकर मिट चुके हैं। स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रशासन की ओर से कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
पेड़ गिरने से 2018 में टूटा था शिलापट्ट
उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात के प्रधानाध्यापक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रघुनाथ यादव के पौत्र सुभाष सिंह यादव ने बताया कि वर्ष 2018 में आंधी के दौरान विद्यालय परिसर में लगा विशाल नीम का पेड़ शिलापट्ट के ऊपर गिर गया था। इससे शिलापट्ट टूट गया। उस पर रघुनाथ यादव समेत क्षेत्र के करीब 42 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम अंकित थे। लंबे समय तक रखरखाव नहीं होने के कारण अधिकांश नाम अब अस्पष्ट हो चुके हैं।
अधिकारियों से लगाई गुहार, नहीं हुई कार्रवाई
प्रधानाध्यापक के अनुसार करीब दो माह पहले तत्कालीन खंड विकास अधिकारी डॉ. सरजीत सिंह को शिलापट्ट की मरम्मत के संबंध में जानकारी दी गई थी। उन्होंने इसे ठीक कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन हाल ही में उनका स्थानांतरण हो गया। अब नए बीडीओ केके सिंह को भी इसकी जानकारी देने की बात कही गई है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव और वर्ष 2025 में तत्कालीन जखनियां एसडीएम को भी शिलापट्ट की स्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
एसडीएम ने कहा- जानकारी मिली, देखते हैं
इस संबंध में जखनियां के उपजिलाधिकारी अतुल कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि शिलापट्ट के टूटे होने की जानकारी उन्हें पहली बार मिली है। वह मामले को देखेंगे। अब देखना है कि प्रशासन स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति से जुड़े इस शिलापट्ट की मरम्मत कब तक कराता है।
